वैसे तो आगरा प्यार की निशानी ताजमहल के लिए वर्ल्ड फ़ेमस है. लेकिन इसके अलवा भी बहुत सी बाते हैं, जो इसे ख़ास बनाती हैं. यहां पर आप ताजमहल के अलावा भी बहुत सी चीज़ों को देख सकते हैं. इनमें चंबल नदी में तैरते पक्षियों को देखने से लेकर छोटे-छोटे मार्केट में शॉपिंग करना तक शामिल है. 

अगर आप आगरा जाने का प्लान बना रहे हैं, तो आपको ताजमहल के दर्शन करने के अलावा वहां पर इस जगहों पर भी ज़रूर जाना चाहिए. 

1. ताजमहल 

आगरा ट्रिप की शुरुआत आप दुनिया के 7 अजूबों में से एक ताजमहल के दीदार से ही करें. इसे देखने के लिए देश और दुनिया से हर साल करीब 2 करोड़ टूरिस्ट आते हैं. मुग़ल वास्तुकला के इस उत्कृष्ट नमूने का दीदार आप सूर्योदय से लेकर सूर्यास्त तक के समय में कर सकते हैं.  

2. आगरा का किला 

ताजमहल से 2.5 किलोमीटर की दूरी पर है ये किला. इसे देखकर आपको दिल्ली के लाल किले की याद आ जाएगी. दोनों की नक्काशी और पत्थर लगभग एक ही जैसी है. इसका निर्माण मुग़ल बादशाह अकबर ने 1565 में कराया था. 

3.चंबल नदी

चंबल नदी आगरा से 70 किलोमीटर दूर है. लेकिन प्रकृति की गोद में कुछ पल शान्ति से बिताने के लिए ये जगह बहुत अच्छी है. इस नदी के आस-पास करीब 242 प्रकार के पक्षियों का वास है. इन्हें नदी में तैरते हुए देखकर आपके मन को सुकून मिलेगा. 

4.फ़तेहपुर सीकरी

इस ऐतिहासिक शहर की नींव मुग़ल सम्राट अकबर ने 1569 में रखी थी. यहां लाल पत्थर से बनी बहुत-सी पुरानी इमारतें हैं. यहां आप बुलंद दरवाज़ा, बीरबल का घर, दीवान-ए-आम जैसी ऐतिहासिक जगहों पर भी घूम सकते हैं. 

5. किनारी बाज़ार 

अब जब आगरा आए हैं, तो यहां से कुछ ख़रीद कर न ले जाएं, ऐसा कैसे हो सकता है. इसके लिए आगरा के किनारी बाज़ार से बेस्ट कोई जगह नहीं हो सकती. यहां आप रोज़मर्रा के सामान से लेकर शादी और पार्टियों में पहनने के लिए कपड़े भी उचित दाम पर ख़रीद सकते हैं. 

6. मुग़लई खाना 

सारा दिन घूमने के बाद अच्छा खाना मिल जाए तो क्या कहना. आगरा में मिलने वाला मुग़लई खाना पूरी दुनिया में प्रसिद्ध है. इसके लिए आपको ताजगंज जाना होगा. चिकन टिक्का से लेकर स्वादिष्ट कबाब तक यहां आपको सब कुछ मिलेगा. 

7. अकबर का मक़बरा 

हिस्ट्री लवर्स को आगरा में अकबर के मक़बरे पर ज़रूर जाना चाहिए. यहां मुग़ल आर्किटेक्चर को करीब से देखने का मौक़ा मिलेगा. यहां से अकबर की पत्नी मरियम का मक़बरा 8 किलोमीटर दूर है. आप चाहें तो वहां भी जा सकते हैं.

अगली बार आगरा जाना तो इन सभी जगहों पर जाना न भूलना.