अब तक आपने देश-दुनिया की तमाम रहस्यमयी बातें देखी और सुनी होंगी. एक ऐसी ही रहस्मयी घटना इंडोनेशिया से सामने आई है. यहां एक मरा हुआ विशालकाय समुद्री जीव बहकर बीच पर आ गया. स्थानीय लोगों का कहना है कि उन्होंने इससे पहले ऐसा अज़ीब सा जीव कभी नहीं देखा.

ये विशालकाय रहस्यमयी जीव लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है. इस मरे हुए जीव की लंबाई 50 फ़ीट से भी अधिक है. देखने से ये साफ़ हो गया है कि ये कोई व्हेल मछली नहीं है.

इस अज़ीब से जीव को देखने वाले सबसे पहले शख़्स Asrul Tuanakota थे. Asrul ने जब इस जीव को पहली बार देखा, तो इसे नाव समझकर धोखा खा गए. 

नज़दीक से देखने पर पता चला कि ये कोई नाव नहीं, बल्कि अज़ीबोगरीब जीव का शव है. जीव के शरीर से काफ़ी खून बहने के कारण समुद्र का पानी लाल हो गया.

इसकी ख़बर मिलते ही लोगों के बीच इसे देखने की होड़ सी मच गई. Indonesia Marine और Coastal Resources Management के अनुसार, ये व्हेल हो सकती है.